खेत की रखवाली करने गये मजदूर की ट्रेन से कटकर मौत

फर्रुखाबाद: सोमबार तड़के घर से मक्के के खेत की रखवाली करने के लिए निकले मजदूर का शव रेलवे ट्रेक पर कटा पड़ा मिला| पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया| परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया|
कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के ग्राम नगला पजाबा निवासी 36 वर्षीय राजू जाटव पुत्र रामौतार जाटव के पिता नें बताया कि सुबह तड़के लगभग चार बजे राजू घर से खेत की रखवाली करने की कहकर निकला था| राजू का शव सुबह लगभग 6 बजे शौच के लिए गये ग्रामीणों नें रेलवे ट्रेक पर पड़ा देखा| ग्रामीणों नें परिजनों को सूचना दी| जिसके बाद उसकी पत्नी सुमन आदि परिजन मौके पर आ गये| उनका रो-रो कर बुरा हाल हो गया| मृतक राजू के तीन पुत्री और एक पुत्र है|
घटना की सूचना मिलने पर याकूतगंज चौकी इंचार्ज अभय सिंह फ़ोर्स के साथ मौके पर आ गये| उन्होंने जाँच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया|