खुले ट्रांसफार्मर से करंट लगने पर गाय की मौत, किसान ने विभाग पर साधा निशाना

फर्रुखाबाद:(शमशाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव रजलामई में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक किसान की गाय की मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित किसान ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव रजलामई निवासी किसान राजीव कुमार अपनी गाय को चारा खिलाने के लिए नाद के पास ले जा रहे थे। इसी दौरान गांव में जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर के पास से गुजरते समय गाय अचानक करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित किसान ने आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर को सुरक्षित तरीके से नहीं रखा गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।