कोहरे के प्रकोप से थमी वाहनों की रफ़्तार

लखनऊ:उत्तर-प्रदेश में घने कोहरे और शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है,हालात ऐसे रहे कि सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर पूरी तरह लगाम लग गई। हवाओं और शीतलहर के प्रतोप से आज सुबह न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है |ठंडी हवाओं के कारण लोग दिनभर गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए और अलाव का सहारा लेते दिखे। घने कोहरे का असर सड़क यातायात के साथ-साथ रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। कोहरे की वजह से कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।कोहरे के कारण हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। वाहन चालक फॉग लाइट और डिपर का इस्तेमाल करते हुए सावधानीपूर्वक सफर कर रहे हैं।यातायात पुलिस भी लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील कर रही है।