कोहरे का कहर: रोडवेज बस व पिकअप की भिड़ंत, चालक गंभीर घायल

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) घने कोहरे के कारण मंगलवार सुबह रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें रोडवेज चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मुख्य मार्ग पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव तौफीक की मड़ैया के सामने प्रमुख मार्ग पर फर्रुखाबाद की ओर से आ रही रोडवेज बस और मुरादाबाद से मछलियां लेकर कन्नौज जा रही पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में रोडवेज चालक कृष्ण कुमार उर्फ राणा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पिकअप चालक विशाल का एक साथी आंशिक रूप से घायल हुआ।
पिकअप चालक के अनुसार घने कोहरे के कारण सड़क पर काफी दूर तक दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान सामने से रोडवेज बस आ गई। उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन पैर एक्सीलेटर पर पड़ जाने से गाड़ी अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरी मछलियां सड़क पर बिखर गईं। आसपास के लोग मछलियां समेटने में लग गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रक्षा सिंह उप निरीक्षक कल्लू सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के कारण सड़क के दोनों ओर जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया और घायल चालक को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
बताया गया है कि कोलाघाट पुल बड़े वाहनों के लिए बंद होने के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। तेज रफ्तार और अधिक यातायात के चलते इस सड़क पर दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। क्षेत्रीय निवासी हरिओम, प्रदीप, राजेश, अनोखे, रामसागर, रामनिवास, खुशीराम और दीनदयाल आदि ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर चेतावनी संकेतक और गति नियंत्रित करने के उपाय किए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं को रोका जा सके।