फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक 50 वर्षीय महिला का शव उसके किराए के मकान में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महिला की पहचान मालती पत्नी स्वर्गीय राकेश शाक्य के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मालती कुईया बूट मोहल्ले में प्रमोद मिश्रा के मकान में किराए पर रहती थीं। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनकी बेटी रवीना ने बताया कि मकान मालिक ने उन्हें सूचना दी कि उनकी मां का कमरा अंदर से बंद है। मौके पर पहुंचकर जब दरवाजा खोला गया तो मालती चारपाई पर लेटी मिलीं और उनके मुंह से खून निकल रहा था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
रवीना ने बताया कि उनके पिता राकेश की मृत्यु करीब 15-16 वर्ष पूर्व
हो चुकी है। उनके ताऊ बृजपाल पिछले करीब 10 वर्षों से मालती के साथ रहकर उनका खर्च उठा रहे थे। वहीं, कल्लू सक्सेना नामक व्यक्ति भी पिछले दो-तीन महीनों से उनके साथ रह रहा था, जो हाल ही में अपने गांव भरेडी चला गया है और उसका मोबाइल फोन दो-तीन दिन से बंद आ रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजब सिंह, एसआई वीरेंद्र सिंह, एसआई रामकेश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसआई रामकेश ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही|


