कार की टक्कर से टेंपो खाई में पलटा चालक समेत तीन घायल

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) फतेहगढ़ से सवारी लेकर कस्बा की ओर आ रहा टेंपो शुक्रवार देर शाम कार से टकराने के बाद सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में टेंपो चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चालक को लोहिया अस्पताल और फिर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, कस्बा के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी कमल सिंह फतेहगढ़ मार्ग पर टेंपो चलाता है। शुक्रवार देर शाम वह सवारी लेकर कमालगंज लौट रहा था। तभी शेखपुर गांव के पास फतेहगढ़ की ओर जा रही कार ने टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टेंपो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में टेंपो चालक कमल सिंह, शेखपुर निवासी रामविलास, और गंगागली निवासी अमित कुमार घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने टेंपो को सीधा कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।रामविलास ने बताया कि वह फतेहगढ़ से फूल-माला बेचकर घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रही कार ने टेंपो में टक्कर मार दी।
इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाही की जाएगी।