कल होगा एमएलसी चुनाव के 199 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की स्नातक व शिक्षक कोटे की 11 सीटों के लिए मंगलवार को हुए चुनाव का परिणाम गुरुवार देर शाम तक आ जाएगा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राज्य के 72 जिलों में हुए मतदान के बाद कुल 199 प्रत्याशियों की किस्मत बैलट बॉक्स में बंद हो गई है। इस दौरान कुल 55.47 फीसद वोट पड़े। अब तीन दिसंबर को इन सीटों की मतगणना होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि छिटपुट मामलों को छोड़कर मतदान पूरी तरह शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। जहां से भी प्रत्याशियों की शिकायतें आईं उसकी जांच करा रहे हैं। मतगणना गुरुवार तीन दिसंबर को होगी। देर शाम तक परिणाम आने की उम्मीद है।
विधान परिषद में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ व इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक के अलावा लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद व गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ था। शुरुआती दो घंटे में मतदान की रफ्तार बेहद सुस्त रही। सुबह 10 बजे मात्र छह फीसद मतदान हुआ। इसके बाद जैसे-जैसे सूरज की तपिश बढ़ती गई वैसे-वैसे मतदान में भी तेजी आ गई। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट पर सबसे अधिक 73.94 फीसद मतदान हुआ। सबसे कम वोट लखनऊ खंड स्नातक सीट पर 36.74 प्रतिशत पड़े।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मियों व मतदाताओं की सुरक्षा के लिए थर्मल स्कैनर, हैंड सैनिटाइजर, ग्लव्ज, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी आदि की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। पांच खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1269817 मतदाताओं के लिए 1808 मतदेय स्थल बनाए गए थे। खंड शिक्षक की छह सीटों में कुल 2,06,335 मतदाताओं के लिए 813 मतदेय स्थल बने थे। चुनाव पर नजर रखने के लिए 11 प्रेक्षक, 952 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 413 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। साथ ही प्रत्येक मतदेय स्थल पर माइक्रो ऑब्जर्वर भी लगाए गए थे। चुनाव के लिए कुल 12319 मतदान कर्मी लगाए गए थे।
कहां कितने पड़े वोट

  • सीट का नाम                          : मतदान प्रतिशत
  • आगरा खंड स्नातक                    : 41.56
  • इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक      : 41.10
  • लखनऊ खंड स्नातक                 : 36.74
  • मेरठ खंड स्नातक                      : 42.86
  • वाराणसी खंड स्नातक                 : 39.33
  • आगरा खंड शिक्षक                    : 70.78
  • बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक       : 73.48
  • गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक    : 73.94
  • लखनऊ खंड शिक्षक                  : 58.99
  • मेरठ खंड शिक्षक                       : 62.60
  • वाराणसी खंड शिक्षक                  : 68.83