कर्बला में कब्र कों किया क्षतिग्रस्त व ताजियों में आगजनी, जाँच में जुटी पुलिस

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र स्थित कर्बला परिसर में अराजक तत्वों द्वारा कब्रों को क्षतिग्रस्त कर ताजियों में आग लगाए जाने की घटना से अल्पसंख्यक समुदाय में भारी नाराजगी फैल गई।
कर्बला की देखरेख करने वाले शरीफ हुसैन रिजवी ने बताया कि सुबह लगभग 8:30 बजे उन्हें फोन पर जानकारी मिली कि परिसर में रखे ताजियों में आग लगा दी गई है। वह करीब 9 बजे मौके पर पहुंचे तो सामने के हिस्से में आग जल रही थी, जबकि पीछे की आग बुझ चुकी थी। उन्होंने तत्काल थाना मऊदरवाजा, एसडीएम सदर रजनी कांत पाण्डेय और सिटी मजिस्ट्रेट संजय बंसल को घटना की सूचना दी।
शरीफ हुसैन ने कहा कि किसी असामाजिक तत्व ने माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से यह कृत्य किया है। ऐसे लोगों का कोई धर्म नहीं होता। उन्होंने बताया कि पहले कर्बला की 94 बीघा भूमि थी, लेकिन अतिक्रमण के कारण अब केवल 11 बीघा ही शेष है। परिसर की देखरेख के लिए सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक एक व्यक्ति तैनात रहता है। आय का कोई स्रोत न होने और कमरे की व्यवस्था न होने के कारण रात में चौकीदार रखना संभव नहीं है। सुरक्षा के लिए चारों ओर नौ फुट ऊंची दीवार बनाई गई है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लगभग छह माह पूर्व परिसर से सीसीटीवी कैमरे, हार्ड डिस्क, इनवर्टर, बैटरी और बर्तन चोरी हो गए थे, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
बताया गया कि गुंबद के अंदर बनी दो कब्रों को तोड़कर नुकसान पहुंचाया गया और कब्रों पर रखे कपड़ों से ताजियों में आग लगाई गई। करीब 14 फुट लंबे तीन-चार ताजिए पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की लपटों से गुंबद की छत भी काली पड़ गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलते ही पेट्रोल पंप संचालक मुनव्वर हुसैन उर्फ मुन्ना, मौलाना सैयद सदाकत हुसैन, पप्पन मियां, साबिर अली, सभासद रफी अंसारी और हाजी बिलाल अहमद समेत कई लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, एसडीएम सदर, सीओ अमृतपुर, सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा तथा तहसीलदार सदर सनी कनौजिया मौके पर पहुंचे और जांच की। प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह नें बताया की अराजक तत्वों नें कब्र में तोड़फोड़ व कर्बला में आग लगाने का प्रयास किया| क्षतिग्रस्त कब्र कों दुरस्त कराया जा रहा है | पुलिस की तीन टीमें जाँच में जुटी हैं |