फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती, फर्रुखाबाद की साधारण सभा की बैठक शहर के चीजी क्रेजी सभागार, जोगराज में सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारंभ अध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानन्द जी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन तथा संस्कार भारती के ध्येय गीत के साथ किया गया।
प्रांतीय पदाधिकारी अरविन्द दीक्षित ने संस्कार भारती के इतिहास एवं संस्थापक बाबा योगेन्द्र जी के जीवन पर प्रकाश डाला। प्रांतीय महामंत्री सुरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि संस्कार भारती की स्थापना 11 जनवरी 1981 को लखनऊ में हुई थी तथा यह संस्था कला एवं साहित्य के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का कार्य निरंतर कर रही है।
बैठक में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रस्तावित एक भारत श्रेष्ठ भारत
यात्रा को भव्य एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अमन अवस्थी ने सहभागिता बढ़ाने के लिए संपर्क अभियान को तेज करने पर बल दिया। भारती मिश्रा ने एनसीसी, स्काउट, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी से समन्वय करने के साथ-साथ यात्रा के दौरान प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश पाल उपकारी ने प्रत्येक झांकी के साथ दो सदस्यों की अनिवार्य उपस्थिति की बात कही। नवीन मिश्र ने यात्रा में केवल देशभक्ति गीतों के प्रसारण का सुझाव दिया। संयोजक दीपक मिश्रा ने बताया कि सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्व पूर्ण करने हेतु टीम प्रयासरत है। सुबोध शुक्ला ने यात्रा में पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था पर ध्यान देने की बात कही। प्रांतीय महामंत्री सुरेन्द्र पाण्डेय ने जानकारी दी कि 26 जनवरी को मेला रामनगरिया में नाटक संघ द्वारा ‘तीन भागीरथ’ नाटक का मंचन किया जाएगा। बैठक का संचालन गौरव मिश्रा ‘बंटी’ ने किया।
अंत में अध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह ने सभी सदस्यों से यात्रा को भव्य एवं दिव्य बनाने का आह्वान करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में प्रमुख रूप से सुनीता सक्सेना, रजनी लौगवानी, पारुल सैनी, पीयूष त्रिपाठी, भूपेन्द्र प्रताप सिंह, शशिकांत पाण्डेय, कुलभूषण श्रीवास्तव, अजय चौहान, मटरलाल दुबे, समरेंद्र शुक्ल, रामजी बाजपेई, अभिषेक श्रीवास्तव एवं अखिलेश पाण्डेय उपस्थित रहे।
एक भारत श्रेष्ठ भारत यात्रा की तैयारी पर हुई विस्तृत चर्चा



