फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)सूर्य उपासना का त्योहार छठ महापर्व मंगलवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देकर पूरे हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। छठ महापर्व के चार दिन के अनुष्ठान के आखिरी दिन छठ व्रतियों ने छठ मैया की आराधना करके परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मंगल कामना की।
शहर के पांचाल घाट पर मंगलवार सुबह लगभग 4 बजे से ही व्रती महिलाओं का अपने परिवार के साथ आना शुरू हो गया था| बरसात होनें के साथ ही माहौल में सर्दी थी, बादल होनें के चलते महिलाओं को सीधे सूर्य के दर्शन नही हो सके| घाट दीयों के प्रकाश से जगमगा रहा था। महिलाओं के साथ पुरुष फल की टोकरी सिर पर लिए दिखाई दिए, वही पानी में खड़े होकर सूर्य की आराधना की गई। व्रतियों ने अर्घ्य
देकर पूजा संपन्न की। इस दौरान घाटों पर युवाओं और बच्चों में भी गजब का उत्साह देखा गया। नहाय खाय से शुरू हुआ यह चार दिवसीय पर्व सुबह के अर्घ्य देने के साथ ही संपन्न हुआ। घाट पर शंख, घंटी बजाकर आरती की गई,इसके बाद ठेकुआ का प्रसाद वितरण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। पूर्वांचल कल्याण समिति की ओर से घाट पर छठ पूजा को लेकर भव्य इंतजाम किए गए थे।
छठी मइया के गीतों से भक्तिमय रहा वातावरण
छठ पूजा पर सोमवार को वातावरण भक्तिमय रहा। इस दौरान पारंपरिक छठ गीतों…मारबउ रे सुगवा धनुष से… कांच ही बांस के बहंगिया बहंगी लचकत जाए…, जल्दी-जल्दी उग हे सुरूज देव,उग हे सूरज देव, भइल भिनसरवा… अरघ के रे गेरवा, पूजन के रे बेरवा हो’ से माहौल भक्तिमय बना रहा।
दीपों की रोशनी से जगमगाए घाट
छठ महापर्व के चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। इसे लेकर व्रती सुबह 4 बजे से ही छठ पूजा के घाट पर पहुंचना शुरू हो गए थे। सुबह दीपों की रोशनी से पांचाल घाट गंगा तट जगमगा उठा। छठ पूजा के लिए घाट पर व्रतियों ने दीप प्रज्वलित किये| कुछ बच्चो ने आतिशबाजी भी चलायी| सुरक्षा को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, एसडीएम सदर रजनी कान्त आदि पुलिस बल के साथ मौजूद रहे| पूर्वांचल विकास समिति अध्यक्ष केदारशाह, प्रमोद कुमार झा आदि नें व्यवस्था देखी|
उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुई छठ पूजा



