ई-रिक्शा बना टप्पेबाजों का आसान हथियार, महिला से लाखों के जेवर पार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना कादरी गेट क्षेत्र में टप्पेबाज गिरोह लगातार सक्रिय है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में ई-रिक्शा के माध्यम से महिलाओं को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल व्याप्त है।
ताजा मामला सिंह वाहिनी कॉलोनी का है। यहां की निवासी श्यामा दुबे पत्नी रोहित दुबे रेलवे स्टेशन क्षेत्र से ई-रिक्शा में सवार होकर अपने घर लौट रही थीं। उनके पास एक सोने के झाले व चार सोने की अंगूठियां थीं, जिन्हें उन्होंने एक छोटे पर्स में रखकर अपने बैग में रखा हुआ था।
बताया गया है कि ई-रिक्शा में पहले से मौजूद तीन युवतियों ने रास्ते भर बातचीत में श्यामा दुबे को उलझाए रखा और इसी दौरान बड़ी सफाई से बैग से पर्स निकाल लिया। सफर के दौरान पीड़िता को किसी प्रकार का शक नहीं हुआ। घर पहुंचने पर जब श्यामा दुबे ने बैग खोलकर देखा तो पर्स गायब था। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने परिजनों के साथ आईटीआई चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना से अवगत कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोडवेज बस स्टॉप, टेंपो स्टैंड और अस्पतालों के आसपास टप्पेबाज गिरोह बेखौफ होकर घूम रहा है। पुलिस की गश्त नाकाफी होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
आईटीआई चौकी प्रभारी विशेष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही पीड़िता को रेलवे रोड चौकी में भी प्रार्थना पत्र देने की सलाह दी गई है, क्योंकि घटना की शुरुआत रेलवे स्टेशन क्षेत्र से मानी जा रही है।