फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) प्राइवेट अस्पताल में प्रसब के बाद अचानक हालत खराब होनें से प्रसूता की मौत हो गयी| परिजनों नें चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगानें का आरोप लगाकर हंगामा किया| हंगामा होते ही चिकित्सालय के सभी कर्मी व संचालक मौके से खिसक गये| पुलिस नें शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया|
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम भाऊटोला निवासी राजेश राठौर के पुत्र अंकित का विवाह बीते लगभग डेढ़ साल पूर्व फतेहगढ़ के ग्राम निनौंआ निवासी शिव कुमार राठौर की 25 वर्षीय निशा के साथ हुआ था| अंकित मजदूरी का कार्य करता है| बीते रविवार 30 नवंबर को प्रसब पीड़ा होनें पर आशा की मदद से जसमई दरवाजे के लखदातार अस्पताल में भर्ती किया था| अंकित के अनुसार उसकी पत्नी निशा को सोमवार को रात लगभग 3 बजे आपरेशन से बालक का जन्म हुआ| मंगलवार 2 नवंबर को सुबह लगभग 7 बजे अस्पताल के चिकित्सक ने प्रसूता निशा के इंजेक्शन लगाया| अंकित का आरोप है कि उसकी पत्नी की इंजेक्शन गलत लगने के बाद हालत बिगड़ गयी और उसे अस्पताल से रिफर किया गया| परिजन निशा को गंभीर हालत में लेकर बढ़पुर के एक निजी अस्पताल लाये, जहाँ चिकित्सक नें निशा को मृत घोषित कर दिया| निशा की मौत से परिजन आक्रोशित हो गये, उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया| सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मऊदरवाजा लक्ष्मण सिंह, चौकी प्रभारी रायपुर अरविन्द कुमार मौके पर पंहुचे और जाँच की| मृतका के पति अंकित की तहरीर पर दारोगा अरविन्द कुमार नें शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा| थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह नें बताया की शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाही होंगी|
अस्पताल में लापरवाही से प्रसूता की मौत, परिजनों का हंगामा



