अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा डाइट में प्रशिक्षण का पहला दिन, भूखे प्यासे रहने को मजबूर शिक्षक शिक्षकाएं

फर्रुखाबाद:(जेएनआई व्यूरो) समग्र शिक्षा एवं पीएम श्री योजना के अंतर्गत जनपद के परिषदीय उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी संचालन के लिए शिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रजलामई में शुरू हुआ। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विद्यालयों से नामित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
उप शिक्षा निदेशक एवं डायट प्राचार्य अनुपम अवस्थी द्वारा जारी पत्र के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन बैचों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम बैच का प्रशिक्षण 9 से 10 मार्च तक, द्वितीय बैच का 11 से 12 मार्च तथा तृतीय बैच का प्रशिक्षण 13 से 14 मार्च तक निर्धारित किया गया है। प्रत्येक चयनित विद्यालय से दो-दो शिक्षकों को प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए नामित किया गया है, जिनमें एक प्रधानाध्यापक और एक सहायक अध्यापक शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी के संचालन, रखरखाव तथा कक्षा शिक्षण में उनके प्रभावी उपयोग के बारे में जानकारी दी जा रही है।
हालांकि प्रशिक्षण के पहले दिन व्यवस्थाओं को लेकर सवाल भी खड़े हो गए। प्रशिक्षण में शामिल कई शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बताया कि डायट परिसर में भोजन की तो दूर, पीने के पानी तक की समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी। दूरदराज क्षेत्रों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं दिनभर भोजन और पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहे। इससे प्रशिक्षण में आए प्रतिभागियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।शिक्षकों का कहना है कि जब पूरे जिले से शिक्षकों को बुलाया गया है तो कम से कम बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था होनी चाहिए थी।