अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड, तीन गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दीपावली पर्व से पहले पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कादरीगेट क्षेत्र के ग्राम अमेठी कोहना में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से भारी मात्रा में बारूद, पोटाश, गंधक व सैकड़ों दैमार गोले बरामद किए गए हैं।
थाना प्रभारी कादरी गेट राजेश कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वेद प्रकाश पुत्र स्वर्गीय ओमप्रकाश के मकान में अवैध रूप से पटाखे व विस्फोटक सामग्री तैयार की जा रही है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्यय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। मकान से तीन अभियुक्त 21 वर्षीय विक्कू उर्फ ऋषि कश्यप निवासी ग्रानगंज, 34 वर्षीय अन्सार अहमद उर्फ अन्सारी निवासी गढ़ी मुशर्रफखां, तथा 17 वर्षीय आर्यन कुमार पुत्र मुकेश निवासी पुरानी घटिया को मौके से गिरफ्तार किया गया। वहीं तीन नाबालिग बालक, जो कार्य स्थल पर मौजूद थे, उन्हें परिजनों को सुपुर्द किया गया।बरामदगी में एक श्लेटी थैली में 1.8 किलो बारूद, सफेद थैली में 5.1 किलो पोटाश, हरी थैली में 2.3 किलो गंधक, 590 अदद दैमार गोले, 6 किलो बजरी, अखबार के टुकड़े, चाकू-चम्मच व 45 धागे के गुल्ले शामिल हैं। पूछताछ में बताया कि वे दीपावली पर बेचने के लिए अवैध दैमार बम तैयार कर रहे थे। पुलिस ने मौके से विस्फोटक सामग्री जब्त कर तीनों अभियुक्तों को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ धारा 5/6 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।बरामद सामग्री को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। पूरी कार्रवाई क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में की गई।