अमृतपुर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, डीएम व एसपी ने सुनीं 88 शिकायतें

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की, अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 32, पुलिस विभाग की 24, विकास विभाग की 09, विद्युत विभाग की 03, खाद्य एवं रसद विभाग की 04 तथा अन्य विभागों से संबंधित 16 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर ही 07 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया।
शिकायतकर्ताओं में ग्राम दौलतपुर निवासी रामवेटी ने अस्पताल में सफाई कार्य करने के बावजूद वेतन न मिलने की शिकायत की। नगला माखन निवासी केशव ने भूमि पट्टे की पैमाइश को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। ग्राम महमदपुर निवासी रामवीर ने खलियान की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। वहीं ग्राम लीलापुर निवासी मोहन व कस्बा अमृतपुर निवासी श्यामवीर ने चोरी की घटनाओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों का आठ दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस से संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा 70 वर्ष से अधिक आयु के 13 वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड भी बनवाए गए, जिससे उन्हें आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज का लाभ मिल सकेगा। संपूर्ण समाधान दिवस में एसपी आरती सिंह, उपजिलाधिकारी संजय सिंह, तहसीलदार शशांक सिंह आदि रहे|