होलिका की पूजा कर महिलाओं ने मांगी सुख-समृद्धि

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले भर में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ होलिका का पूजन किया। महिलाओं ने पीले वस्त्र पहनकर बच्चों के साथ होलिका पूजन कर सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। देर शाम को विभिन्न स्थानों पर ढोल व नगाड़ों की थाप के बीच होलिका दहन किया गया। बच्चों ने होलिका में उपलों की माला डालकर पूजन में भाग लिया।

बृहस्पतिवार की सुबह से ही होलिका पर्व को लेकर घरों में विशेष तैयारियां शुरू हो गई थी। पर्व पर महिलाओं ने व्रत भी रखा। महिलाएं गीत गाती हुई विभिन्न स्थानों पर बनाई गई होलिका के पास गई और वहां पर विधि-विधान अनुसार होलिका पूजन किया। बच्चों में भी होली पूजन को लेकर विशेष उमंग था।
महिलाओं ने विधिवत होलिका पूजन दहन किया गया। गली-मोहल्लों में महिलाओं ने लोकगीतों की धुनों पर नाच गाकर कर खुशियां मनाई। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार लोग होलिका में अपनी फसल को पकाकर अपने घर ले गए। लोगों ने मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस पर्व पर श्रद्धालु दूर-दराज से अपने पैतृक स्थान पर पहुंचे और वहां अपनी पौराणिक मान्यताओं के अनुसार पूजा-अर्चना की। शुक्रवार को रंगों की होली खेली जायेगी|