सराफा मुनीम से गोली मारकर लूट में आधा दर्जन को उठाया, सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध कार

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) बीते दिन दुकान बंद कर सराफा व्यापारी के पुत्र के साथ जा रहे मुनीम को गोली मारकर नकदी व जेबरात लूट लिए गये थे| घटना को 24 घंटे का समय गुजर जानें के बाद भी पुलिस का हाथ अभी तक अपराधियों के गिरेवान तक नही पंहुचा है| वहीं पुलिस नें आधा दर्जन संदिग्ध लोगों को पड़ताल के लिए उठाया है| पुलिस को सीसी टीवी में एक सफेद संदिग्ध कार नजर आयी है| पुलिस कार को तलाश करनें में जुटी है| स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) सहित पुलिस की कई टीमें अपराधियों की सुराग लगानें में जुटे हैं|
थाना क्षेत्र के ग्राम कुतलुपुर निवासी इकबाल खान की कस्बा बाजार में तिवारी मार्केट में सराफा की दुकान है| जिस पर ग्राम करनपुर दत्त निवासी रामौतार उर्फ कल्लू पुत्र राम दयाल मुनीम का कार्य करता है| बीते शनिवार शाम सराफा व्यापारी का पुत्र लक्की बाइक से दुकान बंद कर घर जा रहा था, पीछे मुनीम कल्लू बैठा था| नासा पुल के निकट कार से सबार होकर चार बदमाश आये और तीन के हाथ में तमंचे थे| उन्होंने बाइक की डिग्गी में गोली मारी, जिससे बाद लक्की अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गया| पीछे बैठे मुनीम कल्लू की टांग में गोली मारी और उसके हाथ से रुपया व जेबरात का बैग लेकर फरार हो गये| घायल मुनीम कल्लू के अनुसार बैग में 1 लाख 70 हजार की नकदी और जेबरात थे| मामले में सराफा व्यापारी के पुत्र लक्की की तहरीर पर पुलिस नें एफआईआर दर्ज कर ली है | वहीं कस्बा की एक दुकान में लगे सीसीटीवी में पुलिस को एक सफेद रंग की संदिग्ध कार दिखी है| माना जा रहा है कि बदमाश इसी कार पर सबार होकर आये थे| पुलिस अब कार व कार सबारों की तलाश में जुटी है|