फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सरदार पटेल की जन्म जयंती पर सोमवार को सदर विधानसभा क्षेत्र में सभी मंडलों की संयुक्त यूनिटी मार्च पदयात्रा धूमधाम से निकाली गई। यात्रा की शुरुआत पटेल पार्क में प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर हुई, जिसके बाद सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सांसद मुकेश राजपूत व भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने भी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्काउट-गाइड, स्कूली बच्चों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘सरदार पटेल अमर रहें’ के नारों के साथ चौक से स्वराज कुटीर तक पैदल मार्च किया। स्वराज कुटीर में आयोजित जनसभा में मुख्य अतिथि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती के डेढ़ सौ वर्ष पूरे होने पर भाजपा पूरे देश में इसे उत्सव के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि लौहपुरुष को वह सम्मान भाजपा सरकार ने दिया है, जो पिछली सरकारें नहीं दे सकीं। यदि देश का प्रथम प्रधानमंत्री पटेल होते तो भारत की दिशा और स्थिति बिल्कुल अलग होती। उन्होंने कहा कि रियासतों का एकीकरण, धैर्य, दृढ़ निश्चय और देशहित के फैसलों ने उन्हें इतिहास में ‘लौह पुरुष’ के रूप में स्थापित किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर हर विधानसभा क्षेत्र में यात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि रियासतों के विलय में पटेल की भूमिका को भुलाया नहीं जा सकता। यदि कश्मीर का विलय भी उनके हाथों में होता, तो आज हालात भिन्न होते। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को भोजपुर विधानसभा की पदयात्रा में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल शामिल होंगे। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, शिक्षक प्रकोष्ठ सहसंयोजक भास्कर दत्त द्विवेदी, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, सत्यपाल सिंह,रुपेश गुप्ता, विमल कटियार, विकास पाण्डेय, संजीब गुप्ता आदि रहे |
सरदार पटेल जयंती पर सदर क्षेत्र में निकला भव्य यूनिटी मार्च



