समाधान दिवस में फरियादी नें किया आत्मदाह का प्रयास

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) कायमगंज तहसील दिवस में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अचानक उस समय भगदड़ मच गयी जब फरियादी नें अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया| फरियादी को पुलिस ने फिलहाल हिरासत में लिया है| जिलाधिकारी के तत्काल मामले को संज्ञान में लेकर जाँच के आदेश दिये|

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कायमगंज तहसील में तहसील दिवस का आयोजन चल रहा था| उनके साथ एसपी आलोक प्रियदर्शी, कायमगंज विधायक डा. सुरभि फरियादियों की समस्याओं को सुन रहे थे | उसी दौरान फरियाद लेकर पंहुचे थाना कंपिल के मिलिकिया सिकन्दरपुर तिहैया निवासी संदीप कुमार पुत्र सतीश चन्द्र पंहुचा और अपने ऊपर अचानक ज्वलशील पदार्थ डालकर
आत्मदाह का प्रयास करनें लगा| मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों नें संदीप कुमार को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गये| संदीप नें बताया कि गाँव के ही रामनिवास पुत्र महेंद्र व रामनरेश नारायण पुत्र रामनिवास, शिवम पुत्र रामनरेश द्वारा सार्वजनिक रास्ता व चक मार्ग के साथ ही पुस्तैनी भूमि पर कब्जा करनें का प्रयास कर रहें हैं| साल 2020 में भी

इन्ही लोगों ने कब्जा करनें का प्रयास किया था, जिसे तत्कालीन जिलाधिकारी के आदेश पर सार्वजनिक रास्ता खुलवाया गया था| दोबारा मामले में शिकायत की गयी लेकिन कोई कार्यवाही नही हुई| जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी नें मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सीओ कायमगंज व एसडीएम कायमगंज द्वारा मौके पर जाकर जाँच करने और सत्यता को परखने के निर्देश दिये|
जिलाधिकारी ने बताया कि जानकारी के मुताबिक दूसरा पक्ष अपना पुराना मकान बना रहा था| जिसे यह रुकवाना चाहते थे| अभी प्रकरण की सुनवाई हो रही थी| लेकिन एकाएक जो किया गया वह सबके सामनें था| इसका मतलब पूर्व योजना के तहत यह सब चीजे की गयी | अभी एसडीएम व सीओ को मौके पर जाकर जाँच करनें के निर्देश दिये गये हैं| जाँच के बाद कार्यवाही की जायेगी|