सपा ने 3 व भाजपा ने 8 सीटें जीतीं, बसपा-कांग्रेस का नहीं खुला खाता

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटों पर हुए उप चुनाव में मतों की गिनती के बाद परिणाम भी आ गया। उप चुनाव में सात सीटों पर सत्ता पर काबिज भाजपा और एक सीट पर सहयोगी अपना दल एस ने जीत दर्ज की है, जबकि तीन सीटों पर समाजवादी पार्टी का परचम लहराया है। 2017 के सापेक्ष अगर इस चुनाव परिणाम का आकलन करें तो भाजपा और बसपा को एक-एक सीट गंवानी पड़ी है, लेकिन समाजवादी पार्टी को दो सीटों का लाभ हुआ है। आजम खां ने रामपुर में अपना जलवा कायम रखा तो अंबेडकरनगर के जलालपुर और बाराबंकी के जैदपुर में समाजवादी पार्टी ने परचम लहरा दिया। भाजपा को जैदपुर की सीट गंवानी पड़ी, जबकि सपा ने जलालपुर सीट को सपा से झटका।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में 11 सीट पर उपचुनाव हुआ, जिसमें भाजपा ने आठ तथा समाजवादी पार्टी ने तीन सीट पर जीत दर्ज की। भाजपा ने इस चुनाव को जीतने के लिए पूरी ताकत लगा दी थी, जबकि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सिर्फ रामपुर सीट पर प्रचार करने गए। बसपा और कांग्रेस के शीर्ष नेता कहीं नहीं गए।
गुरुवार को घोषित परिणाम के मुताबिक सहारनपुर की गंगोह सीट पर भाजपा के किरत सिंह ने कांग्रेस के नोमान मसूद को 5419 मतों से हरा दिया। रामपुर में डॉ. तजीन फातमा अपने पति सपा सांसद आजम खान की सीट बचाने में कामयाब हुई हैं। उन्होंने भाजपा के भारत भूषण के मुकाबले 7716 मतों से जीत दर्ज की। सपा के ही सुभाष राय ने अंबेडकरनगर की जलालपुर सीट पर बसपा की डा. छाया वर्मा को 790 मतों से हरा दिया। 2017 में यह सीट बसपा ने जीती थी।
बाराबंकी की जैदपुर सीट जीतने में भी सपा को कामयाबी मिली है। इस सीट पर सपा के गौरव कुमार ने भाजपा के अंबरीश रावत को 4165 मतों से हरा दिया। पिछली बार यह सीट भाजपा के खाते में थी। प्रतापगढ़ में अपना दल एस के राजकुमार पाल ने सपा के ब्रजेश वर्मा को 29721, लखनऊ कैंट में भाजपा के सुरेश तिवारी ने सपा के मेजर आशीष को 35428, कानपुर के गोविंदनगर में भाजपा के सुरेंद्र मैथानी ने कांग्रेस की करिश्मा ठाकुर को 21244, अलीगढ़ के इगलास में भाजपा के राजकुमार सहयोगी ने बसपा के अभय कुमार को 25937, चित्रकूट के मानिकपुर में भाजपा के आनन्द शुक्ल ने सपा के निर्भय पटेल को 12840 मतों से हराया है। बहराइच के बलहा में भाजपा की सरोज सोनकर ने सपा की किरन भारती को 43683 मतों से हराया जबकि घोसी में विजय राजभर ने सपा समर्थित सुधाकर सिंह को 1773 मतों से हरा दिया।
राजनीतिक दलों को मिले मतों का प्रतिशत
भाजपा        35.64
सपा            22.61
बसपा         17.02
कांग्रेस        11.49
नोटा            0.85
सपा ने साबित किया वही मुख्य विपक्षी दल
समाजवादी पार्टी ने साबित कर दिया कि उत्तर प्रदेश में वह मुख्य विपक्षी दल है। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ऐसी स्थिति में जीते जब उनकी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सिर्फ रामपुर में प्रचार करने गए। अम्बेडकरनगर की जलालपुर सीट पर सपा के सुभाष राय ने अंतिम चरण की मतगणना में बसपा की डॉ. छाया वर्मा को पीछे छोड़ दिया। यहां पर भाजपा के डॉ. राजेश सिंह तीसरे स्थान पर रहे। बाराबंकी के जैदपुर में सपा ने परचम लहराया। वहां सपा के गौरव सिंह रावत ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा के अम्बरीश रावत को पराजित किया।
रामपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का जलवा बरकरार रहा। उपचुनाव में सांसद आजम खां की पत्नी व सपा प्रत्याशी डॉ. तजीन फात्मा ने भारतीय जनता के पार्टी के प्रत्याशी भारत भूषण गुप्ता को 7589 मतों से हरा दिया। डॉ. तजीन फात्मा को 78815 तो वहीं भाजपा के भारत भूषण गुप्ता को 71226 मत मिले।
बाराबंकी में भाजपा का तिलिस्म टूटा, सपा का बढ़ा गौरव
बाराबंकी में भाजपा का वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से शुरू हुआ जीत का तिलिस्म जैदपुर विधानसभा के उपचुनाव में टूट गया। समाजवादी पार्टी ने वापसी करते हुए एक बार फिर इस सीट पर अपना कब्जा जमा लिया। इस सीट पर पहली बार वर्ष 2017 में भाजपा के उपेंद्र सिंह रावत ने जीत हासिल कर रिकार्ड बनाया था। उनके सांसद चुने जाने के बाद हुए उप चुनाव में भाजपा लोगों का विश्वास नहीं हासिल कर सकी। कांग्रेस के तनुज पुनिया भले ही हार की हैट्रिक लगाई हो पर पैंतालीस हजार से ज्यादा मत हासिल कर उन्होंने अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई।
सभी विजयी प्रत्याशियों को योगी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा की 11 सीटों पर हुए उप चुनाव में सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस जीत को सभी चुने गए जनप्रतिनिधि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र सबका साथ-सबका विकास के माध्यम से सबका विश्वास में बदलेंगे। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि जीते हुए सभी प्रत्याशी जनआकांक्षाओं को पूरा करने में अपना पूर्ण योगदान देंगे तथा प्रदेश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
शुरू से भाजपा ने बनाई बढ़त
प्रतापगढ़ से भाजपा समर्थित अपना दल के प्रत्याशी राज कुमार पाल, कानपुर के गोविंदनगर से भाजपा के सुरेंद्र मैथानी, लखनऊ कैंट से भाजपा के सुरेश चंद्र तिवारी, अलीगढ़ के इगलास से भाजपा के राजकुमार सहयोगी, बहराइच के बलहा से भाजपा के सरोज सोनकर, मऊ के घोसी से भाजपा के विजय राजभर और चित्रकूट के मानिकपुर से भाजपा के आंनद शुक्ला बढ़त पर हैं। रामपुर की रामपुर सदर से सपा की डॉ. तजीन फात्मा ने भाजपा के भारत भूषण गुप्ता पर बढ़त बना ली है। बाराबंकी के जैदपुर से सपा के गौरव रावत ने भाजपा के अम्बरीष रावत पर बढ़त बना ली है।