शीत लहर में मानवता की मिसाल बने महंत ईश्वरदास, जरूरतमंदों को बांटे कंबल

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कड़ाके की ठंड और शीत लहर के प्रकोप के बीच दूर्वाषा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वरदास महाराज ने मानवता की मिसाल पेश की। बीती रात उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सड़क किनारे, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर सो रहे जरूरतमंद, गरीब व असहाय लोगों को कंबल वितरित किए।
महंत ईश्वरदास महाराज सेन्ट्रल जेल चौराहा, आलू मंडी मार्ग, आईटीआई चौराहा, ठंडी सड़क, रेलवे स्टेशन, लोहाई रोड और लाल दरवाजा सहित कई इलाकों में स्वयं पहुंचे और ठंड से ठिठुर रहे लोगों को कंबल देकर राहत पहुंचाई। अचानक हुई इस मदद से जरूरतमंदों के चेहरे पर सुकून और खुशी साफ नजर आई| महंत ईश्वरदास महाराज ने कहा कि शीत लहर के दौरान सड़कों पर जीवन बिताने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है। ऐसे समय में समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर उनकी मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है और इस प्रकार के सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। कंबल वितरण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया और महंत ईश्वरदास महाराज के इस पुनीत कार्य की सराहना की। क्षेत्रवासियों ने कहा कि इस तरह के प्रयास ठंड के मौसम में गरीबों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं और समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं।