वीर बाल दिवस पर शहर में निकली प्रभात फेरी, गुरुद्वारे में हुआ शब्द कीर्तन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) वीर बाल दिवस के अवसर पर बुधवार को फर्रुखाबाद नगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने सहभागिता की।
प्रभात फेरी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकाली गई, जिसमें देशभक्ति एवं गुरु परंपरा से जुड़े जयघोष लगाए गए। प्रभात फेरी के माध्यम से वीर साहिबजादों के बलिदान को स्मरण करते हुए उनके साहस, त्याग और धर्मनिष्ठा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया।
प्रभात फेरी के समापन के पश्चात सभी उपस्थित जन लोहाई रोड स्थित गुरुद्वारे पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं ने माथा टेककर गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष अरदास की। इसके बाद आयोजित शब्द कीर्तन कार्यक्रम में सभी ने सहभागिता की। कीर्तन के माध्यम से वीर साहिबजादों के अद्भुत बलिदान और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला गया।
मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत वक्ताओं ने कहा कि वीर बाल दिवस हमें धर्म, देश और मानवता के लिए किए गए त्याग की प्रेरणा देता है। नई पीढ़ी को साहिबजादों के शौर्य, आत्मबल और संकल्प से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। उन्होंने यात्रा पर पुष्प वर्षा की | कार्यक्रम में मुख्य रूप से निवर्तमान जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता, अरविंद बाथम, संजीव गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष विकास पाण्डेय व सरदार तोषित प्रीत सिंह रहे।