फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) जिले को बेहतर स्वास्थ्य का ढोल पीटने वाले कई विभागों की पोल उस समय खुल गयी जब विशेष सचिव नें अनदेखी की चादर विभाग से हटायी| बदहाल देखकर विशेष सचिव खफा हो गये| उन्होंने कई अफसरों फटकार लगाकर व्यवस्था दुरस्त करनें की चेतावनी दी|
शनिवार को विशेष सचिव नागरिक सुरक्षा एवं राजनीतिक पेंशन विभाग मनोज कुमार राय ने विकास खंड राजेपुर के विकास कार्यों का जायजा लिया| विशेष सचिव ने सबसे पहले अमृतपुर स्थित जूनियर हाई स्कूल विद्यालय का निरीक्षण किया। जहाँ विद्यालय के कक्षो में ताले लटक रहे थे। विद्यालय में कोई भी अध्यापक मौजूद नही था| खंड शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार सिंह को फटकार लगायी| विद्यालय के कक्षो के ताले खोले गये। विद्यालय के अंदर कक्षो पर बिना पुट्टी के पुताई कराये जाने पर नाराजगी व्यक्त की| खंड शिक्षा अधिकारी को 15 दिन के अंदर बेहतर पुताई करानें के निर्देश किया। श्यामपेंट का निरीक्षण किया तो ब्लैक बोर्ड की जगह व्हाइट बोर्ड लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण किया, तो
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस सत्र में इसकी शुरुआत की जाएगी। जिसके बाद विशेष सचिव ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया तो काफी खामियां मिली| जिसको लेकर उन्होंने फटकार लगायी उन्होंने बच्चों को अन्नप्राशन कराया व गर्भवती महिलाओं की गोद भरायी की। विशेष सचिव अमृतपुर स्थित पंचायत भवन का निरीक्षण किया व ग्राम प्रधान को सुधार करने के निर्देश दिये। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर के निरीक्षण में उन्होंने जांच कक्ष, दवाइयों के स्टोर रूम तथा लेबर रूम का निरीक्षण किया। डॉ. गौरव वर्मा से जानकारी ली। आरिफ सिद्दीकी राजेपुर चिकित्सा प्रभारी को उन्हें प्रशस्ति पत्र दिलवाने के लिए निर्देशित किया। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा, बीएसए गौतम प्रसाद, खंड विकास अधिकारी सुनील जायसवाल, अमृतपुर कानूनगों विवेक कुमार पांडेय,लेखपाल कुलदीप तिवारी,एडियो पंचायत अजीत पाठक, राजेपुर चिकित्सा प्रभारी आरिफ सिद्दीकी ,खंड शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार,डीडीओ साहित्य आदि रहे।
विशेष सचिव बदहाल व्यवस्था देख सन्न, अफसरों को कड़ी फटकार



