फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)पुलिस की सतर्कता व् तत्परता से दो मासूम बच्चियों को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। सुबह करीब 11:30 प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार को शमशुद्दीन पुत्र नौती खान निवासी कस्बा गुरसहायगंज जनपद कन्नौज ने सूचना दी कि उनके भाई ताहिर की दो नाबालिग पुत्रियां 8 वर्षीय गुलजार व 6 वर्षीय सलोनी फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर अपने परिवार के
साथ ट्रेन संख्या कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस से गुरसहायगंज जाने के लिए प्रतीक्षा कर रही थीं। इसी दौरान दोनों बच्चियां अचानक कहीं लापता हो गईं। सूचना पर थानाध्यक्ष रेलवे पुलिस अपने दल-बल के साथ तुरंत फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। प्लेटफार्मों पर यात्रियों से पूछताछ की गई तथा रेलवे परिसर के सभी संभावित स्थानों की तलाशी ली गई। पुलिस की मुस्तैदी का परिणाम यह
हुआ कि कुछ ही समय में दोनों बच्चियां प्लेटफार्म संख्या 5 से सकुशल बरामद कर ली गईं। बरामद होने के बाद दोनों बालिकाओं को थाने लाया गया, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उनके ताऊ शमशुद्दीन एवं अन्य परिजनों को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि स्टेशन पर गुमशुदा बच्चों या सामान की शिकायत मिलते ही तत्काल सर्च अभियान चलाना उनकी प्राथमिकता है। पुलिस टीम की सतर्कता और शीघ्र कार्रवाई के चलते एक संभावित गंभीर घटना टल गई। रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन परिसर में बच्चों पर विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रेलवे पुलिस को सूचित करें।
रेलवे स्टेशन पर गुम हुई दो नाबालिग बच्चियां सकुशल बरामद



