रेलवे ट्रैक पर मिले शव की पहचान, वृद्ध की मौत से परिजनों में मचा कोहराम

फर्रुखाबाद:(शमशाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव असगरपुर निवासी 80 वर्षीय छेदालाल पाल, जो पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे, रविवार शाम घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
इसी बीच नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव शकुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर बीते सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला था । सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए। शव को मोर्चरी में रखवाकर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
वीडियो देखने के बाद असगरपुर के ग्रामीणों ने शव की पहचान छेदालाल पाल के रूप में की। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के तीन पुत्र—रणबीर पाल, रनवेश और अमरेश हैं। थाना अध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।