रिटायर्ड ग्राम विकास अधिकारी से तमंचा लगाकर लूट

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) रिटायर्ड ग्राम विकास अधिकारी सेतमंचा लगाकर जेबरात की लूट कर ली गयी है| मामले में पीड़ित की पुत्री नें थाना पुलिस को तहरीर दी| पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है|
थाना क्षेत्र के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी नीलम राठौर पत्नी जयप्रकाश नें पुलिस को तहरीर दी| जिसमे बताया कि उनके पिता रिटायर्ड ग्राम विकास अधिकारी यदुनाथ सिंह सोमबंशी वॉलीबॉल के पूर्व चैम्पियन हैं| उनके पिता के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया कि याकूतगंज में वॉलीबॉल का मैच है, जिसमे उन्हें रेफरी की भूमिका अदा करनी है| लिहाजा यदुनाथ सिंह तय समय पर याकूतगंज जाने वाले टैम्पों पर बैठे| याकूतगंज पंहुचकर उन्होंने उसी नम्बर पर फोन किया तो वह युवक याकूतगंज क्रासिंग पर मिला| वह उन्हें याकूतगंज से फिर टैम्पों में बैठाकर भोजपुर बघार लेकर आया और पैदल यदुनाथ को बघार की तरफ ले गया| जब बाग में पंहुचा तो उसने यदुनाथ सिंह से गाली-गलौज कर तमंचा दिखा गले में सोने की चेन, एक अंगूठी व मोबाइल लूट लिया और धमकी देकर फरार हो गया| थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जाँच की जा रही है| मुकदमा दर्ज किया जायेगा|