रामगंगा नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम महेशपुर के सामने रामगंगा नदी में लगभग 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह ग्रामीणों ने नदी में शव उतराता देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही राजेपुर थाना के थानाध्यक्ष सुदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उनके साथ फॉरेंसिक टीम के सचिन कुमार, दरोगा आशुतोष और दरोगा सत्यदेव ओझा भी मौजूद रहे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त के लिए तलाशी ली गई, लेकिन युवक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। युवक ने लाल बनियान, काले रंग का लोअर और स्पोर्ट्स जूते पहन रखे थे। दरोगा आशुतोष ने मौके पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला लोहिया अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है और आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है। मामले की जांच जारी है।