फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) होली के पावन पर्व पर नगर में रंग और उमंग की अनूठी छटा देखने को मिली। “रंग बरसे चुनरवाली रंग बरसे” की धुन पर किन्नर समुदाय के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ नृत्य और गायन प्रस्तुत कर वातावरण को रंगमय बना दिया।
होली के अवसर पर किन्नर समुदाय द्वारा बधाई देने की परंपरा का विशेष महत्व माना जाता है। इस अवसर पर किन्नर गुरु रंगोली और बबली गुरु अपने चेलों के साथ विभिन्न बाजारों और प्रतिष्ठानों पर पहुंचे। ढोलक की थाप और गीतों की स्वर लहरियों के बीच उन्होंने लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।
किन्नर गुरु ने अपने समाज की ओर से कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। उन्होंने सभी को संदेश देते हुए कहा, “होली की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान आप सभी को सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें।” बाजार में मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने भी खुशी-खुशी नेग देकर किन्नर समुदाय का स्वागत किया और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और रंगों के साथ खुशियों की बरसात होती रही।




