फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) जहानगंज थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मामा के साथ बाइक से जा रहे 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसका मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम तरा नगला निवासी अखिलेश राजपूत का 10 वर्षीय पुत्र इंद्रेश अपने मामा सुवालाल पुत्र बुधपाल निवासी ग्राम बसोला, थाना शमशाबाद के साथ बाइक से ननिहाल जा रहा था। इंद्रेश कक्षा चार का छात्र था और तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मां का नाम नन्ही देवी है।
बताया गया कि ग्राम रूनी चूरसई के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में इंद्रेश और उसका मामा गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से दोनों को तत्काल लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इंद्रेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं मामा सुआ लाल का इलाज अस्पताल में जारी है, हालत गंभीर बताई जा रही है। बालक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मामा के साथ बाइक से जा रहे बालक की सड़क हादसे में मौत, मामा गंभीर



