फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करने का एक गंभीर मामला शुक्रवार को सामने आया, जब यातायात पुलिस ने मानक से तीन गुना अधिक स्कूली बच्चों को बैठाकर फर्राटा भर रहे एक चौपहिया वाहन को पकड़ लिया। नियमों के अनुसार जिस वाहन में सीमित संख्या में सवारी बैठानी होती है, उसमें 17 स्कूली बच्चों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया गया था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को रोका ।
वाहन चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले वाहनों, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीड, गलत दिशा में वाहन चलाने और बिना दस्तावेजों के वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि एक ही दिन में दो दर्जन से अधिक वाहनों का चालान काटा गया है और लगभग दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई वाहन चालक भविष्य में इस तरह मानक से अधिक बच्चों को ढोते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को ऐसे अति-क्षमता वाले वाहनों में न बैठने दें और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था का ही चयन करें। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
मानक से तीन गुना स्कूली बच्चों को ढो रहा चौपहिया वाहन पकड़ा, दो दर्जन वाहनों का चालान



