फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद। नगर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था अभिव्यंजना के तत्वावधान में छायावादी युग की महान कवयित्री महादेवी वर्मा की जयंती पर इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया गया। फाल्गुनी पूर्णिमा के पावन अवसर पर सोमवार प्रातः रेलवे रोड स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के संयोजक संजय गर्ग तथा संस्था के समन्वयक भूपेंद्र प्रताप सिंह के आमंत्रण पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी मुख्य रूप से
उपस्थित रहे। उनके साथ नगर एवं जनपद के अनेक साहित्यकार, कवि, शिक्षाविद एवं साहित्य प्रेमियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। सभी ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
गौरतलब है कि वर्ष 1907 में महादेवी वर्मा का जन्म नगर के गणेश प्रसाद मोहल्ले में हुआ था। उनका बाल्यकाल मध्य प्रदेश में बीता तथा शिक्षा और अध्यापन कार्य इलाहाबाद (वर्तमान प्रयागराज) में हुआ, किंतु
जन्मभूमि से उनका आत्मिक संबंध सदैव बना रहा। यही कारण है कि नगर के साहित्यकार उन्हें अपनी प्रेरणा-श्रोत मानते हैं और उनकी जयंती को साहित्यिक उत्सव के रूप में मनाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा प्रतिमा के निकट रखे ट्रांसफार्मर को
हटवाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया, जिस पर अनेक साहित्यकारों के हस्ताक्षर थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि आज पूरे विश्व में फर्रुखाबाद को महादेवी वर्मा के नाम से पहचान मिली है। वहीं भूपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वर्ष भर हिंदी के सम्मान में संस्था विभिन्न साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।
इस अवसर पर महेश पाल सिंह, सुरेन्द्र पांडेय, बृजकिशोर सिंह, रामशंकर मिश्र ‘अबोध’, भारतीय मिश्रा, रविंद्र भदौरिया, संजय गर्ग, निमिष टण्डन, नलिन श्रीवास्तव, सदानंद शुक्ला, अखिलेश अग्निहोत्री, अनुराग पांडेय, राजेश निराला, राजेश हजेला सहित अनेक साहित्यकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन साहित्यिक संवाद और काव्य चर्चा के साथ हुआ।
महादेवी वर्मा की जयंती पर स्मारक कों अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग



