फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) कस्बे में भूमि विवाद को लेकर बुधवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चलने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कस्बा निवासी निशांत कुमार अवस्थी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 5 अक्टूबर को उनका बड़ा भाई दुकान के पीछे अपनी जमीन में सफाई कर रहा था। तभी गांव के ही प्रदीप अग्निहोत्री और रविकांत उर्फ लल्लू वहां आ पहुंचे और गड्ढा खोदने को लेकर विवाद करने लगे। विरोध करने पर प्रदीप की पत्नी, पुत्री भूरी, प्रदीप, रविकांत व प्रांशु उर्फ गोलू ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और फावड़े से हमला कर दिया।
घटना में उनका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी ओर से प्रांशु अग्निहोत्री ने भी पुलिस को तहरीर दी है। उसने आरोप लगाया कि उसी दिन जब उसके पिता प्रदीप खेत से चारा लेकर लौट रहे थे, तो निशांत अवस्थी और उसका भाई आशीष फावड़े से रास्ता बंद कर रहे थे। जब पिता ने मना किया तो दोनों भाइयों ने फावड़े से हमला कर दिया, जिससे वे घायल होकर गिर गए। बचाने आए परिवार के अन्य सदस्यों से भी मारपीट की गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और दोनों ओर से नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों को चोटें आई हैं, मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भूमि विवाद में दो पक्षों में चले लाठी-डंडे व रॉड, मुकदमा दर्ज



