फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर की सड़कों पर दौड़ रहे बिना रजिस्ट्रेशन ई रिक्शा हादसे को दावत दे रहे है। जीं हां इन रिक्शाओं में ओवरलोड सामान तो ढोया ही जा रही है। वहीं कुछ ई रिक्शाओं पर लोहे की सरिया लाधकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाई जा रही है। ऐसे में बाइक सवार लोग इन सरियों की चपेट में आकर घायल हो जाते है। डर रहता है कि कहीं कोई अपनी जान न गवां बैठे। बिना किसी रोकटोक के सरिया, लोहे के पाइप और दूसरे समान लादकर ई-रिक्शा रोड पर फर्राटा भर रहे हैं। इसकी वजह से शहर में लगने वाले जाम से राहगीर परेशान हो रहे हैं। इनसे कई बार हादसे भी हो चुके हैं। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को इस तरफ भी कार्यवाही की जरूरत है|
जिले में सवारी ई-रिक्शा मालवाहक भी बन गए हैं। ई-रिक्शा सरिया, पाइप सहित कई तरह का भारी सामान लादकर सड़क पर दौड़ रहे हैं। शहर के रखा रोड,बेबर रोड, जिला जेल चौराहा, सेट्रल जेल चौराहा,आलू मंडी मार्ग सहित सभी प्रमुख स्थानों से ई-रिक्शा माल दुलाई करते आते-जाते हैं। ई-रिक्शों में चालक सीट के आगे से लेकर कई फीट पीछे तक सरिया, पाइप और लोहे का सामान लादकर निकल रहे हैं। इससे अगल-बगल से निकल रहे राहगीर व अन्य वाहनों को हादसे का खतरा बना रहता है। कम वजनी ई-रिक्शा सामान के अधिक भार से कई बार अनियंत्रित भी हो जाते हैं। इनकी चपेट में आने से कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। इसके साथ ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से यातायात संचालन में भी अवरोध पैदा हो रहा है। सवारी बैठाने, उतारने और वाहन को खड़ा करने का स्थान निर्धारित न होने से चालक बीच सड़क पर ई-रिक्शा खड़ा कर सवारी बैठाते हैं। सवारी भी मानक से ज्यादा बैठाते हैं और समय-समय पर मालवाहक के रूप में भी प्रयोग करते हैं।
यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार नें बताया कि इस तरफ से सरिया आदि लादकर निकलने वाले वाहनों पर लगातार कार्यवाही की जा रही है| भविष्य में भी अभियान चलाकर ट्राफिक पुलिस कार्यवाही करेगी| नियम तोड़ने और किसी की जान जोखिम में डालने का अधिकार किसी को भी नही दिया जायेगा|
बेलगाम ई-रिक्शा ढो रहे मौत का सामान, ट्रफिक नियम तार-तार



