फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव गुडेरा निवासी 22 वर्षीय युवक की मारपीट में मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। मां ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बदायूं रोड पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार गुडेरा गांव निवासी 22 वर्षीय अंजेश पुत्र राकेश, अविवाहित, के साथ बीते 22 दिसंबर को राजपुर के पास चार युवकों ने मिलकर मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल अंजेश को उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस द्वारा मुकदमा पंजीकृत कर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।
शव जब शाम को घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां संगीता ने आरोप लगाया कि गांव के ही चार युवकों ने मिलकर उसके बेटे की पिटाई की थी, जिससे उसकी मौत हुई है।
बुधवार सुबह करीब 12 बजे मां संगीता ने राजपुर कस्बे में बदायूं रोड पर शव रख दिया, जिससे जाम की स्थिति बन गई। जाम में एंबुलेंस तक फंस गई। सूचना पर थानाध्यक्ष मोनू शाक्य मौके पर पहुंचीं, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। इसके बाद क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा भी मौके पर पहुंचे और समझाने-बुझाने का प्रयास किया, परंतु मां संगीता आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले अंतिम संस्कार को तैयार नहीं हुईं।
लगभग तीन घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा, इस दौरान पुलिस के पसीने छूटते रहे। उप जिलाधिकारी संजय सिंह, क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा और थानाध्यक्ष मोनू शाक्य पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे
बाद में अखंड प्रदेश संगठन के महासचिव नरेंद्र सोमवंशी गुडेरा गांव पहुंचे और मां संगीता को समझा-बुझाकर शांत कराया। आश्वासन मिलने के बाद मृतक का अंतिम संस्कार कराया गया।
नरेंद्र सोमवंशी ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो थाने का घेराव किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की जांच राजेपुर थाना अध्यक्ष को सौंप दी गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बेटे का शव सड़क पर रख मां ने किया प्रदर्शन, मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग



