फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरों) बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाए एवं ओवरलोड खनन सामग्री का परिवहन करते हुए दो ट्रकों को परिवहन विभाग ने सीज कर दिया। खनन विभाग के पोर्टल पर इन वाहनों का पंजीकरण भी नहीं पाया गया, जिससे उनकी ऑनलाइन निगरानी संभव नहीं थी।
एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने खनन अधिकारी संजय प्रताप के साथ बघार क्षेत्र में खनन सामग्री ढोने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना एचएसआरपी लगे दो ओवरलोड ट्रक पकड़े गए। परिवहन विभाग द्वारा इन पर 74 हजार रुपये तथा खनन विभाग द्वारा 48 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित ट्रकों का खनन विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण नहीं था, जिसके कारण वीटीएस के माध्यम से इनकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग नहीं हो पा रही थी।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने टैक्स बकाया के चलते दो ट्रकों को सीज किया, जबकि एक ट्रक को बिना परमिट पाए जाने पर सीज किया गया। कुल मिलाकर आज की कार्रवाई में परिवहन विभाग द्वारा 2.18 लाख रुपये तथा खनन विभाग द्वारा 48 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि अवैध खनन एवं नियमों के उल्लंघन पर इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
बिना एचएसआरपी व ओवरलोड खनन सामग्री ढोते दो ट्रक सीज



