फर्रुखाबाद:(जहानगंज/नगर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम नियामतपुर ठकुरान निवासी 50 वर्षीय शत्रुगन पुत्र जगदीश सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। मृतक के परिवार में पत्नी रेखा तथा दो पुत्र आदित्य और गोलू हैं। बताया गया है कि उनका मकान निर्माणाधीन था।
जानकारी के अनुसार, शत्रुगन बुधवार को घर के लिए निर्माण सामग्री लेने बाइक से दालमंडी बाजार गए थे। लौटते समय पीछे से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाली बाइक विशाल शर्मा, पुत्र मुकेश शर्मा, निवासी करनपुरदत्त थाना अमृतपुर चला रहा था।
हादसे में शत्रुगन और विशाल शर्मा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टर अभिषेक चतुर्वेदी ने शत्रुगन को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल शर्मा का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच की जा रही है।





