फर्रुखाबाद में 10 मिनट का सफल रहा ‘ब्लैक आउट’

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद जिला प्रशासन द्वारा बुधवार देर शाम शहर में सुरक्षा की दृष्टि से मॉक ड्रिल के रूप में ब्लैक आउट कराया गया। रात 9 बजे सायरन बजते ही शहर की बिजली बंद कर दी गई और 9:10 बजे तक अंधेरे की स्थिति रही। यह पूरा अभ्यास जिला स्तर पर बनाई गई गाइडलाइन के तहत किया गया।
प्रदेश सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आधार पर जिले का ब्लैक आउट प्लान तैयार किया गया था। पूरे दिन प्रशासनिक टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर इसकी तैयारी कराई गई और शाम को मॉक ड्रिल के रूप में 10 मिनट का ब्लैक आउट सफलतापूर्वक लागू किया गया। ब्लैक आउट के दौरान शहर के घरेलू, व्यावसायिक, धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर बिजली के साथ-साथ इनवर्टर, मोबाइल लाइट, धार्मिक स्थलों की आवाज और लाइटें भी बंद रहीं। इसके अतिरिक्त सड़क पर चलने वाले वाहनों की हेडलाइट्स और हॉर्न का उपयोग भी न्यूनतम रहा। शहर में अपर पुलिस अधीक्षक डा. संजय सिंह व सीओ सिटी एश्वर्या उपाध्याय ने ब्लैक आउट को सफल बनानें को मोर्चा संभाला| हिन्दू महासभा के विमलेश मिश्रा, सौरभ मिश्रा आदि भी ब्लैक आउट का पालन करवाने को सड़क पर नजर आये| संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात रहे। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की थी, जिसे आमजन ने सराहनीय रूप से निभाया।
कुछ प्रतिष्ठानों पर गुल नही की गयी बिजली

शहर के कई प्रतिष्ठानों की बिजली निर्देश के बाद भी जलती नजर आयी|आवास विकास लोहिया अस्पताल के गेट के सामने एक हड्डी अस्पताल में बाहर की लाइटे जलती नजर आयीं| जो चर्चा तेज रही| अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने बताया की ब्लैक आउट सफल रहा | सभी को लाउडस्पीकर से सूचना भी दी गयी थी| 10 मिनट का सफल ब्लैक आउट रहा|