फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर पैतृक जमीन हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित अजय कुमार सक्सेना पुत्र स्व. सालिगराम सक्सेना, निवासी हाता करम खां (नवाब नियामत खां), हाल पता विकास नगर कॉलोनी लखनऊ, ने कोतवाली में तहरीर देकर कई लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार उनकी दादी स्व. फूलमती देवी को 323.36 वर्गमीटर भूमि पैतृक रूप से प्राप्त हुई थी, जिसे उन्होंने पूर्व में रामभरोसे लाल से खरीदा था। वर्ष 1970 के आसपास परिवार के लखनऊ चले जाने के बाद समय-समय पर फर्रुखाबाद आना-जाना होता रहा। अगस्त 2025 में जब वह फर्रुखाबाद पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनकी जमीन का फर्जी बैनामा 30 अगस्त 2013 को गिरीश चंद्र नामक व्यक्ति द्वारा सुबोध यादव और विश्राम सिंह यादव के नाम कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर कर दिया गया।पीड़ित का आरोप है कि मौजूदा कब्जाधारियों ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। जब उन्होंने कब्जा हटाने की बात कही तो आरोपियों के परिजनों और सहयोगियों ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दोबारा जमीन की ओर आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
पीड़ित ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
फर्जी बैनामे से जमीन हड़पने का आरोप, मुकदमा



