फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के चौक से नेहरू रोड तक रविवार बाजार प्रशासन द्वारा न लगाए जाने के विरोध में फुटपाथ दुकानदारों द्वारा प्रस्तावित मशाल जुलूस पुलिस की सख्ती के चलते नहीं निकल सका। व्यापारी नेता अंकुर श्रीवास्तव की अगुवाई में यह मशाल जुलूस शुक्रवार शाम करीब पांच बजे चौक से घुमना तक निकाले जाने की योजना थी।
जुलूस की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह पुलिस बल के साथ समय से पहले ही चौक पहुंच गए और व्यापारियों को बिना अनुमति मशाल जुलूस न निकालने की चेतावनी दी। इस दौरान कोतवाल और व्यापारी नेता अंकुर श्रीवास्तव के बीच कुछ देर के लिए हल्की नोकझोंक भी हुई।
कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिना प्रशासनिक अनुमति किसी भी प्रकार का मशाल जुलूस निकालने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही व्यापारियों को सलाह दी कि वे अपनी समस्या सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष रखें। मामले की जानकारी कोतवाल द्वारा सीओ सिटी को भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्रशासन और व्यापारी प्रतिनिधियों के बीच शीघ्र बैठक कर समस्या का समाधान निकाला जाएगा। पुलिस की सख्ती और मुकदमे की चेतावनी के बाद व्यापारी बिना मशाल जुलूस निकाले ही वापस लौट गए।

