पहलगाम आतंकी हमले के बाद हाई अलर्ट पर यूपी,मथुरा-काशी समेत धार्मिक स्थलों की बढ़ाई गई सुरक्षा

लखनऊ:जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने प्रदेश भर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। अयोध्या, काशी और मथुरा जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है,जबकि संवेदनशील पर्यटन स्थलों पर भी पुलिस गश्त तेज कर दी गई है।पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के मौजूदा प्रबंधों की समीक्षा कर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और मथुरा के कृष्ण जन्मभूमि मंदिर जैसे संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी और एंटी-टेरर स्क्वॉड को सक्रिय कर दिया गया है।
डीजीपी प्रशांत कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर संवेदनशील शहरों में भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाए जाने का निर्देश दिया है। एक उच्च स्तरीय बैठक में सभी जिलों में संदिग्धों की निगरानी बढ़ाए जाने व हर छोटी सूचना को भी वरिष्ठ अधिकारियों से साझा किए जाने का निर्देश दिया गया।