पंचायत चुनाव सिर पर आते ही ‘प्रधान बेईमान’ की शिकायतें

फर्रुखाबाद:(दीपक शुक्ला)पंचायत चुनावों के नजदीक आने पर ग्राम पंचायतों के प्रधानों के खिलाफ शिकायतें बढ़ गई हैं। ऐसा लग रहा है मानो चुनाव सिर पर आते ही प्रधान बेईमान हो गए हों। जिस तरह शिकायतों में इजाफा हुआ है उससे सियासत तो नजर आ रही है, मगर जांच में लेटलतीफी से नई साजिशों का संकेत मिल रहा है। वैसे तमाम शिकायतें पेशबंदी की भी होती हैं, मगर चौंकाने वाली बात ये है कि पिछले साल इतनी शिकायतें नहीं आईं जितनी 2025 में आ रही है, क्योंकि इस साल के बीतने के साथ ही अगले साल चुनाव का बिगुल बज जाएगा। डीएम स्तर से प्रधानों पर लगे आरोपों की जांच के लिए जिन अधिकारियों को नामित किया गया है| अपना वर्चस्व दिखाने के लिए दावेदार लोग मौजूदा प्रधानों की शिकायत करने के साथ ही उसके वोटों पर हर संभव प्रयास करके सेंध लगाने का प्रयास कर रहे हैं। विपक्षी लोग अधिकारियों से उनके विकास कार्यो को लेकर शिकायतें कर रहे हैं।
बिछने लगीं सियासी गोटी
प्रधानी के लिए चुनाव 2026 में होना प्रस्तावित है, इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए अभी से गांव-गांव सियासत शुरू हो गई है। इसी के चलते गांवों के लोगों की ओर से शपथपत्र देकर डीएम से प्रधानों के भ्रष्टाचार की शिकायत की जा रही है।