फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली क्षेत्र के ग्वालटोली टिलिया मोहल्ले से नौ वर्षीय बालक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर फतेहगढ़ पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है|
मिली जानकारी के अनुसार, अमित कुमार पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी राजीव नगर मोहम्मदाबाद, हाल निवासी ग्वालटोली टिलिया, फतेहगढ़ ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह किराए के मकान में 27 सितंबर 2025 से अपने परिवार सहित रह रहा है। 6 अक्टूबर 2025 को दोपहर लगभग 2 बजे उसका नौ वर्षीय बेटा आरम उर्फ पियूष घर के सामने बच्चों के साथ साइकिल से खेल रहा था| अमित कुमार ने बताया कि उसका बेटा दुबला-पतला और सांवले रंग का है। उसने महरून रंग की टी-शर्ट और
नीले रंग की हाफ जींस पैंट पहन रखी थी। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का कोई पता नहीं चला। परिजनों ने आसपास के मोहल्ले, रिश्तेदारी और परिचितों के यहां भी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। फतेहगढ़ थाना प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि सभी थानों को सूचना भेज दी गई है व बच्चे को जल्द बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नौ वर्षीय बालक लापता, परिजनों में मचा कोहराम



