निकाय चुनाव के लिए भाजपा आज जारी करेगी संकल्प पत्र

लखनऊ:भाजपा रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में नगरीय निकाय चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी करेगी। सुबह 11 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा.महेंद्र नाथ पांडेय, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा और नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहेंगे।

सत्तारूढ़ भाजपा और योगी सरकार के लिए विधानसभा चुनाव के बाद नगरीय निकाय चुनाव पहला एसिड टेस्ट साबित होंगे। नगर निगमों में अरसे से भाजपा का दबदबा रहा है। अब जबकि पार्टी 14 साल बाद सत्ता में वापस आई है तो उसके लिए निकाय चुनावों में न सिर्फ अपना प्रदर्शन दोहराने बल्कि उसे बेहतर करने की दोहरी जिम्मेदारी भी है। इसी वजह से पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में निकायों की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया है। इसमें शहरों के बुनियादी ढांचे को सुधारने के साथ, यातायात को सुगम और पर्यावरण की हिफाजत से जुड़े वादे शामिल हैं।

वहीं, भाजपा के एजेंडे के अनुरूप धार्मिक स्थलों के कायाकल्प और गौशालाओं के निर्माण की प्रतिबद्धता दोहराई गई है। वोटरों को रिझाने के लिए कई लुभावने वादे भी किए गए हैं। संकल्प पत्र जारी करते हुए महानगरों और नगरों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए जो भी बातें कही जाएंगी, उनको दो साल में पूरा करने का संकल्प भी लिया जाएगा।