नाबालिग की शादी रुकवाने पहुंची बहन, गांव से लड़की-लड़का गायब, जांच में जुटी पुलिस

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) जनपद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला हूसा में एक नाबालिग लड़की की शादी को लेकर उस समय हड़कंप मच गया जब इसकी सूचना उसकी बड़ी बहन ज्योति को मिली। बताया गया कि लड़की की उम्र मात्र लगभग 15 वर्ष है और उसकी शादी 30 नवंबर को तय की गई थी। जैसे ही इससे संबंधित जानकारी बहन ज्योति को मिली, वह तत्काल थाना क्षेत्र से ग्राम नगला हूसा पहुंची और नाबालिग बहन की शादी को रुकवाने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन पर कॉल किया। साथ ही थाना अमृतपुर में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई।शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी और नियत तिथि से पहले ही शादी को रुकवा दिया गया। इसके बाद 5 दिसंबर को चाइल्ड हेल्पलाइन की अधिकारी रीना दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उनके साथ स्वयं थाना अध्यक्ष भी गांव में जांच के लिए पहुंचे। जब टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तो नाबालिग लड़की और उसका कथित मंगेतर दोनों ही गांव से गायब मिले।
चाइल्ड हेल्पलाइन अधिकारी रीना दुबे ने बताया कि भारतीय कानून के अनुसार नाबालिग लड़की या नाबालिग लड़के की शादी कराना दंडनीय अपराध है। इस मामले में दोनों की जन्मतिथि के आधार पर आयु की विधिवत जांच कराई जाएगी। यदि लड़की नाबालिग पाई जाती है तो परिजनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष मोनू शाक्य ने बताया कि पूरा मामला जांच के अधीन है। दोनों पक्षों की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है। जांच में यदि नाबालिग होने की पुष्टि होती है तो सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस लड़की और लड़के की तलाश में जुटी हुई है।