नवरात्रि की पूर्व संध्या पर बाजारों में उमड़ी भीड़, जाने घट स्थापना का मुहूर्त

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) चैत्र नवरात्रि की पूर्व संध्या पर बुधवार को शहर के प्रमुख बाजारों में मां दुर्गा के व्रत और पूजा सामग्री खरीदने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नेहरू रोड, रेलवे रोड, लोहाई रोड, फतेहगढ़ के भोलेपुर और फतेहगढ़ बाजार समेत अन्य क्षेत्रों में दिनभर रौनक बनी रही।
बाजारों में बढ़ती भीड़, वाहनों का दबाव और सड़कों पर लगे ठेलों के चलते कई जगहों पर जाम जैसी स्थिति बन गई। दोपहर से लेकर शाम तक दोपहिया वाहन चालकों को बाजारों में प्रवेश करने और निकलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई। हालांकि शाम होते-होते भीड़ में कुछ कमी आई और हालात सामान्य होने लगे।
19 मार्च से शुरू होंगे चैत्र नवरात्रि
हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ 19 मार्च से होगा। इस दिन कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की पूजा आरंभ की जाएगी। प्रतिपदा तिथि 19 मार्च को सुबह 6:52 बजे से शुरू होकर अगले दिन सुबह 4:52 बजे तक रहेगी, इसलिए नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च से मानी जाएगी।
घटस्थापना का शुभ मुहूर्त
नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना का विशेष महत्व होता है। 19 मार्च को सुबह 6:52 बजे से 7:43 बजे के बीच कलश स्थापना करना अत्यंत शुभ रहेगा। इस दौरान विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा करने से शुभ फल की प्राप्ति होती है।