फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) इटावा-बरेली हाई-वे पर देर रात दो ट्रैक्टरों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम हरकमपुर निवासी 28 वर्षीय धीरेंद्र कुमार उर्फ धीरू पुत्र अवधेश सिंह अपने साथियों 23 वर्षीय दीपक पुत्र रामवीर सिंह तथा सुखेंद्र पुत्र प्रेम सिंह के साथ ट्रैक्टर पर आलू लादकर फर्रुखाबाद स्थित एसआर कोल्ड स्टोरेज जा रहे थे। बताया गया है कि जब उनका ट्रैक्टर इटावा–बरेली हाईवे पर पीपर गांव चौराहे से लगभग 100 मीटर आगे पहुंचा, तभी सामने से तेज रफ्तार व लापरवाही से आ रहे दूसरे ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि धीरेंद्र कुमार और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को निजी वाहन से डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने धीरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल दीपक की हालत नाजुक होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है। मृतक धीरेंद्र कुमार आठ भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की मां मुन्नी देवी, पत्नी वंदना, चार वर्षीय पुत्री कशिश और दो वर्षीय पुत्र वंश का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हाईवे बना ‘मौत का खेल’
स्थानीय लोगों का कहना है कि इटावा–बरेली हाईवे पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते हादसे हो रहे हैं। कई परिवार अपने घर का चिराग खो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और प्रभावी यातायात व्यवस्था की मांग की है।
दो ट्रैक्टरों की भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत



