फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग, सरैया फर्रुखाबाद में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं भारत माता की पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात संस्था अध्यक्ष विनोद कुमार अग्निहोत्री द्वारा ध्वजारोहण किया गया, जिसके साथ राष्ट्रगान गूंजा और वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इसके साथ ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता एवं निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
संस्था के डायरेक्टर डॉ. सचिन दुबे ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था, जिसका निर्माण भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे लंबा लिखित संविधान है और हम सभी का दायित्व है कि हम इसके मूल्यों का सम्मान करें।
कार्यक्रम में प्रबंधक अनुराग दुबे ने सभी छात्र-छात्राओं को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दीं। इस अवसर पर ट्रस्टी शिवस्वरूप पाठक, अभिषेक मिश्रा तथा संस्था के प्राचार्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




