तीन डग्गामार बसें सीज, 70 हजार जुर्माना

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) होली के पावन पर्व पर जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं एआरएम रोडवेज राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से बसों की जांच की।
चेकिंग के दौरान रोडवेज रंग में संचालित एक बस दिल्ली से 75 सवारियां लेकर आती हुई पकड़ी गई। एक अन्य बस का बीमा समाप्त पाया गया तथा छह माह का टैक्स बकाया था। तीसरी बस चालक द्वारा परमिट प्रस्तुत न किए जाने के कारण पकड़ी गई। तीनों डग्गेमार बसों को सीज कर रोडवेज बस अड्डे में खड़ा कराया गया तथा कुल 70,000 का जुर्माना लगाया गया।
होली के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा के लिए बस चालकों की ड्रिंक एंड ड्राइव जांच भी की गई। कुल 42 बसों की चेकिंग में कोई भी चालक मद्यपान कर वाहन चलाता हुआ नहीं मिला। इसी दौरान पांचालघाट पुल पर एक ऑटो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पीछा कर पकड़े जाने पर पाया गया कि चालक ने शराब पी रखी थी और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। ऑटो में राजेपुर व अमृतपुर की सवारियां बैठी थीं। वाहन को सीज कर 13,000 का जुर्माना लगाया गया और उसे कादरी गेट थाना क्षेत्र की आईटीआई चौकी में खड़ा कराया गया।
इसके अलावा एक मोटरसाइकिल पर तीन सवारी रॉन्ग साइड जाते मिलीं। चालक के ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में अधिक मात्रा में शराब पीना पाया गया। चालान की कार्रवाई के बाद उसे बिना शराब पिए वाहन न चलाने की चेतावनी देते हुए परिचितों के सुपुर्द किया गया।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति मद्यपान कर वाहन न चलाए और अपने साथ-साथ दूसरों के जीवन को संकट में न डाले। नियमों का उल्लंघन करने पर परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी।