ढेंचा बीज ब्लेक में बेंचने पर केन्द्र प्रभारी निलंबित, एफआईआर दर्ज

मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद): मोहम्मदाबाद राजकीय बीज भण्डार पर बीते दिन निःशुल्क वितरण होने वाला ढेंचा बीज ब्लेक में बेचे जाने की सूचना पर एसएसआई ने पकड़ कर चार लोगों को हिरासत में ले लिया था। जिसकी सूचना एसडीएम सदर को दी गयी थी। इसी के बाद आज गुरुवार को जांच करने पहुंचे एसडीएम सदर भगवानदीन वर्मा, उप कृषि निदेशक जसपाल सिंह व जिला कृषि अधिकारी ए के सचान ने केन्द्र प्रभारी सामंतीलाल वर्मा को दोषी पाते हुए उसे निलंबित कर दिया। वहीं कृषि अधिकारी ए के सचान ने सामंतीलाल वर्मा के विरुद्व 7 भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कोतवाली मोहम्मदाबाद में मुकदमा पंजीकृत कराया है।

बीते दिन पांच कुन्तल ढेंचा बीज ब्लेक में बेचे जाने की सूचना पर गुरुवार को जिला कृषि अधिकारी ए के सचान, एसडीएम भगवानदीन वर्मा, उप कृषि निदेशक जसपाल, लिपिक रमाकांत यादव, परिक्षेत्र अधीक्षक जाजपुर बंजारा अनार सिंह वर्मा, कोतवाली प्रभारी ऋषीपाल सिंह भारी फोर्स के साथ मोहम्मदाबाद पहुंचे। जहां पर पता चला कि बीज केन्द्र प्रभारी एक प्राइवेट गोदाम बनाकर उसमें सभी बीजों को रखता था।
जिसकी सूचना पर बाबूराम यादव की दुकान पर अधिकारियों ने छापा मारा। जहां पर भारी मात्रा में ढेंचा बीज व अन्य बीज बरामद किया गया। वहीं राजकीय बीज भण्डार मोहम्मदाबाद के प्रभारी सामंतीलाल वर्मा का कहना है कि सरकारी गोदाम में जगह न होने से उसने किराये पर दूसरी गोदाम ली थी। जिसमें बीज रखा था।

अधिकारियों ने सामंतीलाल वर्मा के भ्रष्टाचार में संलिप्तता को देखते हुए उसके खिलाफ जिला कृषि अधिकारी ए के सचान ने एफआईआर दर्ज करायी। इनके विरुद्व 7 भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। वहीं केन्द्र प्रभारी सामंतीलाल वर्मा को सस्पेंड करने के बाद रामआसरे यादव को केन्द्र प्रभारी बनाया गया है। जोकि अभी तक पखना बीज भण्डार के प्रभारी थे।
अधिकारियों ने रामआसरे से कहा कि छोटे किसान को पांच किलो व बड़े किसान को 10 किलो ढेंचा बीज वितरण करें। जो ज्यादा बड़ा किसान है उसे इंतखाब व खतौनी देखकर ढेंचा बीज वितरित किया जाये।