ड्राइवर को झपकी आने से धान भरा ट्रक पलटा, आधा दर्जन दुकानों के खोखे क्षतिग्रस्त

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता)थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव राजपुर कस्बे में गुरुवार तड़के धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सड़क किनारे रखे आधा दर्जन दुकानों के खोखे क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था| देखें वीडियो👇

हादसा रात करीब चार बजे हुआ। बरौली निवासी ट्रक चालक दीपक सिंह पुत्र गोकर्ण (थाना लोनार, जिला हरदोई) ने बताया कि वह लखनऊ से हरियाणा के लिए ट्रक लेकर जा रहे थे। राजपुर कस्बे में पहुंचते ही झपकी लग जाने से ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक को चोटें आईं। चालक ने बताया कि उसने निजी चिकित्सक से इलाज कराया, जिसने बाजू में फ्रैक्चर बताया है।
घटना में रफीक, रजनीश, कृपाल, बृजेश पाठक, सत्येंद्र, गुड्डू और गोपाल समेत आधा दर्जन दुकानदारों के खोखे क्षतिग्रस्त हो गए। दुकानदारों के अनुसार प्रत्येक को करीब दो से ढाई लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों व महिलाओं का कहना है कि राजपुर कस्बे में यह स्थान हादसों का केंद्र बनता जा रहा है| ग्रामीणो ने आरोप लगाया कि 24 दिसंबर को गुडेरा निवासी एक व्यक्ति की मौत के बाद शव रखकर यहीं जाम लगाया गया था, तभी से इसी स्थान पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी इसी जगह एक शिक्षक के भाई की कुचलकर मौत हो चुकी है। वहीं गुडेरा निवासी 22 वर्षीय युवक की पिटाई से हुई मौत को भी लोग इसी स्थान से जोड़कर देख रहे हैं।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य पर भी सवाल उठाये हैं। उनका कहना है कि राजपुर कस्बे में बनी सड़क के दोनों किनारों पर ठेकेदार द्वारा मिट्टी नहीं डलवाई गई है। यदि सड़क के किनारे मिट्टी होती तो ट्रक पलटने से बच सकता था। 24 दिसंबर से लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से सड़क के किनारे मिट्टी भरवाने और सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है।